चार लाइन न्यूज़ डेस्क – पटना / बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उनके इस फैसले को बिहार की सत्ता और नेतृत्व में संभावित बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। लंबे समय से राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे नीतीश कुमार के इस कदम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपने विधायक (MLA) पद से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्होंने यह कदम उठाया है, जिससे अब उनकी नई पारी राष्ट्रीय राजनीति में शुरू होगी।
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। उनके पद छोड़ने के बाद अब नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सत्ताधारी दल और सहयोगी दलों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा और रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि राज्य में नई सरकार के नेतृत्व को लेकर निर्णय लिया जा सके।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार का यह फैसला केवल एक औपचारिक इस्तीफा नहीं, बल्कि बिहार की सत्ता संरचना में बड़े बदलाव का संकेत हो सकता है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में राज्य का नेतृत्व करने वाले नीतीश कुमार भारतीय राजनीति के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जिन्हें चारों सदनों लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद का सदस्य रहने का गौरव प्राप्त हुआ है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी हुई है कि बिहार की राजनीति में आगे क्या नया मोड़ आता है और राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। आने वाले दिनों में इस फैसले का असर न केवल बिहार की राजनीति पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।
