बीकानेर जिला कलक्टर निशांत जैन ने गुरुवार को जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की खपत और उपलब्धता तथा गेहूं खरीद की स्थिति की समीक्षा की. जिला कलक्टर ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को बेवजह परेशानी नहीं हो, यह सुनिश्चित किया जाए. साथ ही कालाबाजारी, गैस सिलेण्डर की अवैध रिफिलिंग सहित विभिन्न अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश जिला रसद अधिकारी को दिए.
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेण्डर का दो दिन का रिजर्व स्टाॅक उपलब्ध रखा जा रहा है. शैक्षणिक एवं मेडिकल संस्थान, अन्नपूर्णा रसोई आदि स्थानों पर काॅमर्शियल गैस सिलेण्डर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं. जिला रसद अधिकारी ने बताया कि सभी विवाह स्थलों, हाॅटलों आदि को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना कनेक्शन एक भी काॅमर्शियल गैस सिलेण्डर नहीं दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि अब तक जिले की सभी गैस एजेंसिंयों का एक बार विजिट किया जा चुका है. डामेस्टिक गैस सिलेण्डर आपूर्ति के गैस डायरी, आधार कार्ड और ओटीपी बेस पर दिया जा रहा है.
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में छह से सात दिन का पेट्रोल-डीजल का रिजर्व स्टाॅक उपलब्ध है. जिले में 258 पेट्रोल पम्प हैं. सभी पर विभाग द्वारा नजर रखी जा रही है. शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग की 20 से अधिक कार्यवाहियां की जा चुकी हैं तथा अब तक 116 से अधिक गैस सिलेण्डर जब्त किए गए हैं. वहीं दो एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं.
इस दौरान बताया गया कि जिले में गेहूं खरीद के 12 केन्द्र हैं. इनमें से एफसीआई द्वारा सात, राजफेड द्वारा 2 तथा एनसीसीएफ द्वारा तीन केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं. सभी केन्द्रों पर रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. एफसीआई प्रबंधक ने बताया कि खरीद 15 अप्रैल के लगभग प्रारम्भ होने की संभावना है. जिले को इस बार 26 हजार मेट्रिक टन का लक्ष्य दिया गया है. जिले में गेहूं की बम्पर पैदावार को देखते हुए शत-प्रतिशत की लक्ष्य पूर्ति की संभावना है.
