बीकानेर प्रवास पर आए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण किया. इस दौरान कैबिनेट मंत्री गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार सभी विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने को संकल्पबद्ध है. इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करें, जिससे आमजन को अधिक से अधिक राहत मिले. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में गत सवा दो वर्षों में राज्य सरकार ने क्षेत्र को अनेक सौगातें दी हैं. लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र भी विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.
कैबिनेट मंत्री गोदारा ने गैरसर के वार्ड नंबर 3 स्थित आंबेडकर भवन (लागत 4.95 लाख रुपये) का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक गतिविधियों में यह भवन उपयोगी साबित होगा. कैबिनेट मंत्री गोदारा ने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. केंद्र एवं राज्य सरकार सहित विधायक निधि से भी विकास कार्य करवाए जाएंगे. खाद्य मंत्री गोदारा ने बम्बलू में 33/11 केवी जीएसएस पर 5 एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया. इससे किसानों को दिन में बिजली की सुविधा मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि विधानसभा लूणकरणसर क्षेत्र तेजी से विद्युत आत्मनिर्भर बन रहा है. पहली बार एक विधानसभा में 20 जीएसएस स्वीकृत हुए हैं. इनके निर्माण कार्य प्रगति पर है. उन्होंने कहा कि सभी कार्य पूर्ण होने के साथ क्षेत्र में विद्युत संबंधी समस्याओं का स्थाई समाधान हो जाएगा. कैबिनेट मंत्री गोदारा ने यहां एक ट्यूबवेल का लोकार्पण किया और कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान में यह ट्यूबवेल लाभदायक साबित होगा.

खाद्य मंत्री गोदारा ने तेजरासर में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रदेश भर में नए चिकित्सा संस्थान बन रहे हैं और पूर्व में बने संस्थानों की सुविधाओं में वृद्धि की जा रही है. उन्होंने कहा कि यहां स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनने से स्थानीय लोगों को लाभ होगा. कैबिनेट मंत्री गोदारा ने नौरंगदेसर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4.50 लाख रुपये की लागत से बने बस स्टैंड का लोकार्पण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से गुवाड़ तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य (लागत 18 लाख रुपये) का शिलान्यास किया. खाद्य मंत्री गोदारा ने कहा कि पानी, बिजली, सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं का विकास प्रत्येक क्षेत्र में हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि बस स्टैंड निर्माण से आवागमन की सुविधाएं सुदृढ़ होगी.
कैबिनेट मंत्री गोदारा ने यहां ट्यूबवेल का लोकार्पण किया. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में तीन कक्षा कक्षों (लागत 36 लाख रुपये) का शिलान्यास, टीन शेड का (लागत 10 लाख रुपये) तथा वार्ड नंबर 1 में सामुदायिक भवन की चारदीवारी का 6 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि स्कूलों की सुविधाओं में लगातार वृद्धि हो रही हैं. इससे विद्यालयों में शिक्षा का बेहतर वातावरण बना है. उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को शिक्षा के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने का आह्वान किया.
खाद्य मंत्री गोदारा ने गुसांईसर में 33/11 केवी जीएसएस-III का तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्टाफ भवन निर्माण कार्य (लागत 15 लाख रुपये) का शिलान्यास किया. सागर में नायक सांसी मेघवाल समाज की श्मशान भूमि की चारदीवारी व मुख्य द्वार (लागत 9.90 लाख रुपये) तथा खेल मैदान की चारदीवारी (लागत 9.95 लाख रुपये) का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि गांव-गांव में हो रहे कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है. डबल इंजन की सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखते हुए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं. उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि सभी पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाया जाए. इस दौरान राजकुमार कसवां, हेतराम कूकना, इमरान शाह, रामदयाल गोदारा, एक्सईएन गिरधारी सियाग, सहायक अभियंता निमिष लखनपाल, सहायक अभियंता बाबूलाल जाखड़ आदि मौजूद रहे.
