बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जिसमें एक युवक ने अपनी ही लिव इन रिलेशनशीप पार्टनर को गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात के करीब 2 घंटे बाद हत्यारा खुद खाजूवाला थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देकर सरेंडर किया.
थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रेमी युवक हरप्रीत सिंह ने पूरी वारदात पुलिस को बताई है जिसके अनुसार वह अपनी लिव इन रिलेशनशीप पार्टनर जसवीर कौर के साथ पिछले 2 सालों से चक 8DWD में रह रहा था. आपसी झगड़ा विवाद बना और बात हाथापाई-मारपीट तक पहुंच गई. जिसमें हरप्रीत सिंह ने झगड़े के दौरान गुस्से में जसवीर कौर की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने शव को 36KJD की रोही में डाल दिया और खुद 2 घंटे बाद खाजूवाला थाने पहुंचा. जहां पुलिस को पूरी वारदात बताई. इसके बाद पुलिस FSL व MOB टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आरोपी युवक हरप्रीत सिंह को डिटेन कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतका जसवीर कौर के परिजनों को सूचना देकर बुलाया है. शुरुआती जांच में आपसी विवाद के चलते हत्या करना सामने आया है. पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है.
