बीकानेर जिले में आए दिन बिजली विभाग की लापरवाही के चलते हादसे सामने आते रहे हैं. अब कोलायत उपखंड के नोखड़ा गांव से शिकायत सामने आई है जिसमें पिछले करीब 8 महीने से ज्यादा समय से एक विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर गिरने को है. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को शिकायत देकर जैसे-तैसे सहारा देकर पोल को संभाले हुए है. लेकिन बिजली विभाग ने अब तक पिछले साल आंधी-तूफान के दौरान क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोल पर कोई ध्यान नहीं दिया है. नोखड़ा गांव के वार्ड नंबर 1 में केशुराम मेघवाल के घर के पास यह विद्युत पोल लंबे समय से बिजली विभाग की लापरवाही को बयां कर रहा है. ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या की जानकारी विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित रूप में छह माह से अधिक समय पहले दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त विद्युत पोल से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. आए दिन बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों का इस मार्ग से आवागमन रहता है, जिससे जनहानि की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की, परंतु हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला. ग्रामीणों ने प्रशासन व विद्युत विभाग से मांग की है कि इस क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके.
