नई दिल्ली। वैश्विक संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि देश और विदेश में रह रहे हर भारतीय की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि प्रभावित देशों में स्थित भारतीय मिशन लगातार भारतीय नागरिकों की सहायता में जुटे हुए हैं. वहां काम कर रहे भारतीय हों या पर्यटक, सभी को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है.
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारतीय मिशन नियमित रूप से एडवाइजरी जारी कर रहे हैं और भारत सहित प्रभावित देशों में 24×7 आउटरीच रूम तथा आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित की गई हैं. इन माध्यमों से प्रभावित लोगों को लगातार ताजा जानकारी और सहायता प्रदान की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध और संघर्ष से प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक संबंध हैं। जिस क्षेत्र में यह संघर्ष चल रहा है, वह भारत के वैश्विक व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है, विशेष रूप से कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है. ऐसे में भारत स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से प्रभावित देशों में रह रहे हर भारतीय को सहायता दी गई है. उन्होंने पश्चिम एशिया के अधिकांश देशों के राष्ट्राध्यक्षों से दो दौर में फोन पर बातचीत की है और सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है. हालांकि, इस संघर्ष के दौरान कुछ भारतीयों की मृत्यु भी हुई है और कुछ घायल हुए हैं, जिसे लेकर सरकार लगातार संवेदनशील और सतर्क बनी हुई है. पीएम मोदी ने दोहराया कि संकट की इस घड़ी में हर भारतीय की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
