चार लाइन न्यूज़ डेस्क (स्वप्निल व्यास) – राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और जन मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ने का फैसला किया है. कांग्रेस 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान शुरू करेगी, जिसके जरिए पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर में पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह अभियान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए शुरू किया जा रहा है.
डोटासरा ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर कांग्रेस 27 मार्च को जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ा राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है. कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर नए अध्यक्ष और शहरी निकायों में वार्ड अध्यक्ष नियुक्त करेगी, जिससे कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ेगी और पार्टी की पकड़ मजबूत होगी.
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं, क्योंकि सरकार को जनता के बीच जाने से डर लग रहा है. उन्होंने ओबीसी आयोग के गठन में देरी को भी सरकार की नीयत पर सवाल खड़ा करने वाला बताया.
इस अभियान के तहत डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली प्रदेश के कई जिलों का दौरा करेंगे. अभियान की शुरुआत 2 और 3 अप्रैल को ब्यावर और बालोतरा से की जाएगी, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी बैठकें और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
