बीकानेर जिले में बज्जू के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक खेत में अफीम की अवैध खेती पकड़ी है. रणजीतपुरा थाना पुलिस ने चक 11 केएचडी में अफीम की अवैध खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरोपी लिखमाराम पुत्र सुल्तानाराम मेघवाल को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में पुलिस ने खेत से कुल 938 अफीम के पौधे जब्त किए हैं. एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए रणजीतपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रणजीतपुरा थानाधिकारी चंद्रजीतसिंह भाटी ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि चक 11 केएचडी (चारणवाला गांव की रोही) में लिखमाराम के खेत में अफीम की अवैध खेती की मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी. जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी, जहां गेहूं की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के पौधे उगाए हुए मिले. पुलिस ने खेत से कुल 938 अफीम के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 16.088 किलोग्राम मिला. इस संबध में खेत के मालिक लिखमाराम से पूछताछ की गई तो आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अफीम के लालच में ये पौधे बोए थे. पुलिस ने चारणवाला निवासी लिखमाराम मेघवाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/16 और 8/18 के तहत मामला दर्ज किया है. बज्जू थानाधिकारी सीआई जगदीश प्रसाद को मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जांच सौंपी गई है.
