बीकानेर अनाज मंडी में हुई लाखों रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले में एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है. मामले में व्यापारी का मुनीम ही लूटेरा निकला. पुलिस फिलहाल मामले में गहनता से मुनीम से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने मुनीम के कई ठिकानों पर दबिश भी दी. जल्द पुलिस की ओर से मामले में पूरा खुलासा किया जाएगा.
घटना के अनुसार बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित अनाज मंडी की कच्ची आढ़त मंडी में लूट का मामला सामने आया. जिसमें बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे व्यापारी से बाइक सवार बदमाश साढ़े चार लाख लेकर फरार हो गए. नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हुए बदमाश एक बिना नंबर की बाइक से आए थे. दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें दो संदिग्ध युवक बाइक पर नजर आए. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी खंगालने के साथ आसपास पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया.
