राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए कई जिलों की कमान नए चेहरों को सौंप दी है. इस फेरबदल में बीकानेर से जुड़े नेताओं का कद एक बार फिर बढ़ा है, जिससे जिले की सियासत में नई हलचल साफ़ दिखाई देने लगी है. सबसे अहम नियुक्ति के तौर पर शिमला नायक को बीकानेर का नया प्रभारी बनाया गया है. संगठन में उनकी सक्रियता और कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क पार्टी नेतृत्व के लिए भरोसे का बड़ा कारण बना. उनके साथ मुस्ताक ख़ान को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें जमीनी संगठन को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभानी होगी.
इधर, बीकानेर से ही ताल्लुक रखने वाले जिया उर रहमान आरिफ पर कांग्रेस ने दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें श्रीगंगानगर जिले का प्रभार सौंपा है. आरिफ पहले भी इस जिले में सक्रिय रहे हैं और संगठनात्मक मजबूती में उनकी भूमिका को देखते हुए पार्टी ने एक बार फिर जिम्मेदारी उन्हें ही दी है. वहीं, प्रदेश स्तर के महत्वपूर्ण फेरबदल में प्रदेश महासचिव डॉ. राजेंद्र मुंड को पाली जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पाली में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने के लिए यह नियुक्ति निर्णायक हो सकती है.
इन लगातार बदलते समीकरणों के साथ कांग्रेस संगठन में तेज़ी से सियासी तापमान बढ़ा है. नए प्रभारी जल्द ही जिलों में दौरे, बैठकों और समीक्षा बैठकों की शुरुआत करेंगे, जिससे आने वाले दिनों में कांग्रेस की रणनीति और स्पष्ट होने की उम्मीद है. बीकानेर की राजनीति के लिए यह फेरबदल बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि एक ही समय में कई बड़े पदों पर बीकानेर से जुड़े चेहरों की एंट्री पार्टी के भीतर उनकी बढ़ती पकड़ को दर्शाती है. कांग्रेस के इस कदम से साफ है कि आने वाले महीनों में राजस्थान की सियासत और भी दिलचस्प होने वाली है.
