क्रिकेट खेल को नई दिशा देने और नई प्रतिभाओं की खोज में अहम माने जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर अब राजस्थान में भी राजस्थान प्रीमियर लीग (RPL) शुरू किया जा रहा है. आगामी सितंबर माह तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में फ्रैंचाइज़ी-आधारित टीमें, खिलाड़ियों की नीलामी, और आकर्षक पुरस्कार शामिल होंगे. इसमें जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा, सीकर और भीलवाड़ा सहित शहरों की टीमें हिस्सा ले सकती हैं. इस संबध में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एड हॉक कमेटी ने तैयारी भी शुरू कर दी है. इसके साथ ही RCA की ओर से क्रिकेट अवार्ड भी शुरू करने पर विचार किया जा रहा है. इसे लेकर एड हॉक कमेटी के सदस्यों में अनौपचारिक चर्चा भी होने की बात सामने आई है. हालांकि पिछली बार का RPL आयोजन खासा विवादों में रहा था. राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) राज्य की युवा प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आईपीएल की तर्ज पर राजस्थान प्रीमियर लीग (RPL) शुरू करने जा रहा है.
