बीकानेर नगर निगम द्वारा नगरीय विकास कर की वसूली के लिए चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत नगरीय विकास कर जमा नहीं करवाने पर नगर निगम द्वारा दिये गये नोटिस एवं कुर्की पूर्व अंतिम नोटिस के बाद भी जमा नहीं कराने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीज किया जा रहा है. इसी क्रम में आज 40 सीज नोटिस जारी कर दिनांक 24 और 25 मार्च तक का समय दिया है. जिसके बाद किसी भी बकायादारों द्वारा नगरीय विकास कर जमा नहीं करवाये जाने पर सीज की कार्यवाही अमल में लायी जायेगी.
निगम ने 6 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है
माह मार्च के बकाया दिनों में अभी तक 3 से 4 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है. इसी तरह दिनांक 23 मार्च को यशपाल आहूजा, उपायुक्त, रामजी लाल वित्तीय सलाहकार, अशोक कुमार माली लेखाधिकारी (प्रभारी अधिकारी नगरीय विकास कर), प्रदीप चारण वृत निरिक्षक, विकाश शर्मा, प्रगति सोलंकी राजस्व अधिकारी, आकांक्षा पाण्डे राजस्व निरीक्षक, राजूराम अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी, अशोक शर्मा सहायक प्रशासनिक अधिकारी, रविन्द्र, जितेन्द्र, साजिद, अरबाज सहायक राजस्व निरिक्षक, संबंधित क्षेत्र के सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, आदि के साथ नगरीय विकास कर जमा नहीं करवाने वाले प्रतिष्ठानों को सीज पर रखा गया.
बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में स्थित समस्त पैट्रोल पंप, निजी विद्यालय, कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, जिम संचालक, होटल, व्यावसायिक कटला, मार्केट, समस्त बैंक, प्राईवेट हॉस्पिटल के मालिकों एवं आवासीय भवन मालिक जिनका भूखण्ड 2700 वर्गफुट से अधिक है एवं व्यावसायिक भूखण्ड 900 वर्गफुट से अधिक है, से आग्रह है कि अपना निगम के नोटिस का इंतजार न करते हुए अपने आप निगम कार्यालय में उपस्थित होकर स्व-घोषणा पत्र भरकर समय पर अपना नगरीय विकास कर जमा करावें साथ ही राज्य सरकार द्वारा दी जा रही छूट का लाभ प्राप्त करें. मार्च के बकाया दिनों में ज्यादा से ज्यादा वसूली करने के उद्देश्य से नगरीय विकास कर जमा नहीं करवाने वाले प्रतिष्ठानों एवं मैरिज पैलेसों को सीज किया जायेगा. माह मार्च के सभी अवकाश दिवसों में नगरीय विकास कर जमा करवाने हेतु निगम कार्यालय कार्य दिवस की तरह पूर्ण समय खुला रहेगा ताकि आमजन अपना नगरीय विकास कर निगम कोष में जमा करवा सके.
