बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक वांछित हिस्ट्रीशीटर को जबरन छुड़ाकर ले जाने का मामला सामने आया है। बीच रास्ते में बिना नंबर की गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया।
जानकारी के अनुसार नापासर थाने के कांस्टेबल रामदयाल और हीरालाल एक वांछित आरोपी को पकड़कर शैरेरा पुलिस चौकी ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाश बिना नंबर की गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे। बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले में एक कांस्टेबल की पीठ पर चोट लगी, जबकि दूसरे कांस्टेबल के हाथ में चोट आई। बदमाश पुलिस की हिरासत में मौजूद वांछित हिस्ट्रीशीटर को जबरन छुड़ाकर अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक कांस्टेबल ने पूरी घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले में कई बदमाशों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब नामजद आरोपियों सहित अन्य बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। नापासर थाना अधिकारी कविता पूनिया की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को डिटेन भी किया है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार हिस्ट्रीशीटर सहित हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना का वीडियो और छीना गया मोबाइल भी जांच में अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं।
