चार लाइन न्यूज़ डेस्क (स्वप्निल व्यास) – राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. रिजल्ट घोषित होते ही प्रदेशभर के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया. इस वर्ष राजस्थान बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए पूरे राज्य में करीब 10,68,078 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था.
बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं. अब परिणाम जारी होने के बाद छात्र अपने परीक्षा परिणाम को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in और rajresults.nic.in पर जाकर आसानी से देख सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए विद्यार्थियों को अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी.
पिछले वर्षों के परिणामों पर नजर डालें तो राजस्थान बोर्ड का परिणाम लगातार बेहतर होता रहा है. साल 2025 में 10वीं कक्षा का कुल परिणाम 93.60 प्रतिशत रहा था, जिसमें लड़कियों ने 94.08 प्रतिशत के साथ लड़कों (93.16 प्रतिशत) से बेहतर प्रदर्शन किया था. वहीं 2024 में कुल पास प्रतिशत 93.03 प्रतिशत और 2023 में 90.49 प्रतिशत रहा था. रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्र अपने आगे की पढ़ाई के लिए विषय चयन और करियर को लेकर निर्णय ले सकेंगे. बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही अपना परिणाम देखें और किसी भी तरह की अफवाह या गलत जानकारी से बचें.
