पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीकानेर आगमन पर कांग्रेसजनों ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान बीकानेर नगर निगम के नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों ने गहलोत से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया. पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी पार्षदों को जीत की बधाई दी और जनसेवा के संकल्प के साथ काम करने का संदेश दिया.
मुलाकात के दौरान अशोक गहलोत ने कहा कि करीब 12 साल बाद बीकानेर में कांग्रेस का बोर्ड बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने पार्षदों से कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए.
पूर्व मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पार्षदों को विकास और जनसेवा का मूलमंत्र देते हुए शहर की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से काम करने की बात कही. उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का संदेश दिया. इस दौरान कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला, विधायक सुशीला डूडी, महापौर अनिल कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल सहित नगर निगम के कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने बीकानेर में विकास और जनसेवा के नए संकल्प के साथ नगर निगम में काम करने की प्रतिबद्धता जताई.
