बीकानेर जिले के गाढ़वाला गांव में पंचायत नेतृत्व और खेल सुविधाओं के विकास को लेकर दो महत्वपूर्ण पहल सामने आई हैं. गाढ़वाला में ग्रामीणों की विशाल बैठक में आपसी सहमति से मंजू सोलंकी (मेघवाल) पत्नी सुनील सोलंकी को निर्विरोध सरपंच बनाने का निर्णय लिया गया. वहीं, गांव में स्टेडियम निर्माण के लिए भामाशाह भीराजराम मेघवाल ने करीब 6 बीघा कृषि भूमि दान करने की पहल की.
बैठक में गांव के विकास और युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर चर्चा हुई. इस दौरान भीराजराम मेघवाल की ओर से स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि दान करने के निर्णय की ग्रामवासियों ने सराहना की. बैठक में भंवरलाल गोदारा, मोहनलाल सारण (निवर्तमान सरपंच प्रतिनिधि), पूसाराम सारण, मूलाराम मेघवाल, जेठाराम सारण सहित गांव के पंच और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.
लंबे समय से भूमि के अभाव में अटका था स्टेडियम निर्माण
ग्रामवासी हरि सारण के अनुसार, गांव में लंबे समय से स्टेडियम निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पा रही थी. ऐसे में भीराजराम मेघवाल ने आगे आकर करीब 6 बीघा भूमि दान करने का निर्णय लिया. वे सुनील सोलंकी के ताऊ हैं. ग्रामीणों ने इसे गांव में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया.
न्यायालय पहुंचकर करवाई आधिकारिक लिखापढ़ी
बैठक के बाद भीराजराम मेघवाल स्वयं न्यायालय पहुंचे और भूमि दान से संबंधित आधिकारिक लिखापढ़ी की प्रक्रिया पूरी करवाई. इस दौरान अशोक सारण, सुंदरलाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों को उम्मीद है कि स्टेडियम बनने से गांव के युवाओं को खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे. वहीं, मंजू सोलंकी को निर्विरोध सरपंच बनाने के निर्णय को गांव में आपसी सहमति की पहल के रूप में देखा जा रहा है. (तीर्थराज बरसलपुर)
