बीकानेर जिले में कोलायत क्षेत्र के लम्माना भाटियान स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा. ग्रामीणों ने विद्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रशासक व निवर्तमान सरपंच महेंद्र सिंह लम्माना ने कहा कि विद्यालय में लंबे समय से कई पद रिक्त पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. उन्होंने बताया कि स्वीकृत पदों के मुकाबले मात्र तीन शिक्षक ही कार्यरत हैं और प्रधानाचार्य का पद भी खाली है. महेंद्र सिंह लम्माना ने प्रशासन से मांग की कि शीघ्र रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा. ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है.
