बीकानेर जिले के छतरगढ़ उपखंड के लूणखां गांव उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब गांव के प्रतिभाशाली छात्र आर्यन बारूपाल के अमेरिका में इंटरनेशनल रॉकेट इंजीनियरिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने की खबर मिली. आर्यन बारूपाल का चयन आईआईटी मुंबई की एयरोस्पेस शाखा की टीम में हुआ है. यह टीम अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोनॉटिक्स एंड एस्ट्रोनॉटिक्स (AIAA) द्वारा आयोजित इंटरनेशनल रॉकेट इंजीनियरिंग कंपटीशन-2026 में भाग लेने जा रही है.
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाले आर्यन बारूपाल की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है. आर्यन का इस अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन होना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बीकानेर जिले, छतरगढ़ क्षेत्र और लूणखां गांव के लिए गौरव की बात है. क्षेत्रवासियों ने आर्यन बारूपाल को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे. आर्यन की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे गर्व का क्षण बताया.
आज मुंबई एयरपोर्ट से आईआईटी मुंबई की एयरोस्पेस इंजीनियरिंग टीम अमेरिका के लिए रवाना हुई है. टीम लंदन के हीथ्रो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ठहराव के बाद कल अमेरिका के मिडलैंड, टेक्सास पहुंचेगी, जहां यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना और एयरोस्पेस क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में दुनिया के 22 देशों के छात्र और शोधार्थी भाग लेंगे तथा रॉकेट निर्माण और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़ी नवीन तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे.

