बीकानेर जिले में कोलायत विधानसभा क्षेत्र के बज्जू कस्बे को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में विधायक अंशुमान सिंह भाटी के प्रयासों से एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है. राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की अनुपालना में बज्जू उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन निर्माण हेतु ₹28.54 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है.
इस अवसर पर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं माननीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. बज्जू उप जिला चिकित्सालय का नया भवन बनने से क्षेत्रवासियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. विधायक भाटी ने कहा कि बज्जू एवं आसपास के क्षेत्र के लंबे समय से महसूस किए जा रहे स्वास्थ्य अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में यह स्वीकृति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन भवन के निर्माण से चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा.
विधायक भाटी ने कहा कि कोलायत विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार नए कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है. विधायक भाटी ने पुनः मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी निर्णयों से ग्रामीण अंचलों में विकास को नई गति मिल रही है तथा आमजन का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है.
