बीकानेर जिले की देशनोक नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी संगठन में उत्साह का माहौल है। पार्षद पद के लिए इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए जाने के बाद सैकड़ों की संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी दावेदारी प्रस्तुत करना देशनोक में भाजपा के मजबूत संगठनात्मक आधार और कार्यकर्ताओं के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी के निर्देशानुसार पार्षद पद के इच्छुक कार्यकर्ताओं के लिए विधायक सेवा केंद्र, बरसलपुर हाउस, बीकानेर में आवेदन जमा करवाने की व्यवस्था की गई थी। निर्धारित समय सीमा तक बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपने आवेदन प्रस्तुत किए।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार उसका समर्पित कार्यकर्ता है। देशनोक नगर पालिका चुनाव के लिए प्राप्त हुए सैकड़ों आवेदन इस बात का प्रमाण हैं कि पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं में विश्वास और चुनाव को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
विधायक भाटी ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और सभी दावेदारों की भावनाओं एवं संगठनात्मक सक्रियता का सम्मान किया जाएगा। पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श कर योग्य एवं जीत की संभावनाओं वाले प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।
विधायक भाटी ने सभी आवेदक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव में प्रत्याशी कोई भी हो, लक्ष्य भाजपा की विजय और देशनोक के विकास को गति देना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के निर्णय को सर्वोपरि रखते हुए एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया।
विधायक भाटी ने कहा सैकड़ों आवेदन, कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति बढ़ता विश्वास – देशनोक में भाजपा की चुनावी तैयारियों की मजबूत तस्वीर सामने आई है।
