बीकानेर। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों की तबादला सूची इस बार लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। एक के बाद एक हुए संशोधनों और बदलावों के बीच अब प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि सरकार जल्द ही एक और तबादला सूची जारी कर सकती है।बीकानेर संभाग में अभी भी कई महत्वपूर्ण पद रिक्त पड़े हैं, जबकि दूसरी ओर कुछ अधिकारियों के महज कुछ दिनों के अंतराल में दो-दो बार तबादले किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, दोबारा तबादला आदेश जारी होने के बावजूद कुछ अधिकारियों को अब तक नए पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने दिया गया है। ऐसे घटनाक्रमों ने इस पूरी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि रिक्त पदों को भरने और हालिया तबादलों में सामने आई विसंगतियों को दूर करने के लिए सरकार को एक और सूची जारी करनी पड़ सकती है। इसी वजह से कई अधिकारी अभी भी अंतिम आदेशों का इंतजार कर रहे हैं।इस बीच हनुमानगढ़ का एक तबादला प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में खास चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां करीब ढाई वर्ष तक अतिरिक्त जिला कलक्टर (ADM) रहे एक RAS अधिकारी का तबादला होने के महज पंद्रह दिन बाद ही उन्हें फिर से उसी जिले में ADM के पद पर नियुक्त कर दिया गया। प्रशासनिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और अधिकारी के “हनुमानगढ़ प्रेम” की भी खूब चर्चा हो रही है।राजनीतिक गलियारों में भी इस तबादले को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच भी इस निर्णय के कारणों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।प्रशासनिक विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं हो जातीं और लंबित मामलों का समाधान नहीं होता, तब तक RAS तबादलों का सिलसिला जारी रहने की पूरी संभावना है।
