बीकानेर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” अभियान के तहत कोलायत के हदां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. हदां थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ डोडा-पोस्त व अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.930 किलो डोडा पोस्त, 775 ग्राम अफीम तथा बिक्री से प्राप्त 17,650 रुपये नकद जब्त किए हैं. साथ ही मादक पदार्थों की तौल व तैयारी में उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मिक्सी भी बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रेंज बीकानेर ओमप्रकाश (IPS), पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल (RPS) तथा वृताधिकारी कोलायत संग्रामसिंह (RPS) के निर्देशन में की गई. थाना हदां के थानाधिकारी इमीचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर खारिया पातावतान में दबिश दी.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी आईदान सिंह (26) पुत्र हरीसिंह राजपूत निवासी खारिया पातावतान को गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 18, 25, 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की आगे की जांच पुलिस थाना बज्जू के थानाधिकारी जगदीश प्रसाद द्वारा की जा रही है.
इस कार्रवाई में थानाधिकारी इमीचंद के साथ हेड कांस्टेबल अजीतसिंह, कांस्टेबल मांगीलाल, महिला कांस्टेबल सुमित्रा तथा डीआर कांस्टेबल सुखदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
