राजस्थान में अप्रेल के तीसरे सप्ताह में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है, जो सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक है। आने वाले 4 से 5 दिनों में तापमान में और 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे कई जिलों में पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। कोटा में इस सीजन का सबसे गर्म दिन 42 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं बाड़मेर, अलवर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और बीकानेर में भी तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। जयपुर में भी दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग ने 23, 24 और 25 अप्रेल को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि करौली में 23 और 24 अप्रेल को लू की संभावना जताई गई है। पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में भी 23 से 25 अप्रेल तक ऊष्ण लहर का असर रहेगा। जयपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा और टोंक जैसे जिलों में भले अलर्ट नहीं है, लेकिन यहां भी लू जैसे हालात बने रहेंगे। जोधपुर संभाग में 22 और 23 अप्रेल को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
