बीकानेर जिले के लूणकरणसर कस्बे में में कचरे के अंबार और मृत मवेशियों की दुर्गंध से स्थानीय ग्रामीण परेशान हो रहे हैं. कस्बे के वार्ड 28 और 29 में हालात भयावह बने हुए हैं. वार्ड वासियों के लिए पिछले कुछ समय से सांस लेना भी मुश्किल हो गया है. राजपुरा सड़क से कस्बे में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग पर वर्षों से जमा कचरे के ढेर और उनमें फेंके जा रहे मृत पशुओं के शवों ने स्थानीय वातावरण को पूरी तरह प्रदूषित कर दिया है. स्थानीय निवासियों ने बताया कि राजपुरा मार्ग, जो कस्बे का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है, अब कचरा डिपो में तब्दील हो चुका है. कचरे के इन ढेरों पर मृत पशुओं को खुले में डाल दिया जाता है, जिससे उठने वाली भीषण दुर्गंध के कारण राहगीरों और आसपास रहने वाले परिवारों का जीना मुहाल हो गया है. भयंकर बदबू के कारण लोग घरों की खिड़कियां तक नहीं खोल पा रहे हैं.
वहीं गंदगी और दूषित हवा के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ रहा है. मोहल्लेवासियों का आरोप है कि इस संबध में कई बार नगरपालिका प्रशासन को लिखित में शिकायत दी गई है और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है. लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मुख्य मार्ग से कचरा नहीं हटाया गया और मृत पशुओं के निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थानीय निवासी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.
