बीकानेर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर्स के दुरूपयोग एवं अवैध भण्डारण की रोकथाम के लिए जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देशानुसार रसद विभाग की टीम ने बुधवार अल सुबह विभिन्न स्थानों पर औचक कार्यवाहियां की. निरीक्षण के दौरान सर्वोदय बस्ती स्थित मारुति वर्क्स नामक दुकान में अवैध रिफिलिंग व भण्डारण करते हुए पाया गया. इस दौरान 1 सिलेंडर, एक रिफिलिंग मशीन और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया. इसी श्रृंखला में सर्वोदय बस्ती स्थित खिलजी टावर के सामने दुकान पर अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर का भंडारण तथा रिफिलिंग की जा रही थी. यहां भी एक सिलेंडर, एक रिफिलिंग मोटर एवं एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया.
इसी क्रम में करमीसर रोड स्थित एस स्कूल के पास दुकान पर अवैध रिफिलिंग व भण्डारण की जा रही थी. यहां भी एक सिलेंडर, एक रिफिलिंग मोटर एवं एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया. जिला रसद अधिकारी ने बताया कि टीम द्वारा अवैध गैस भंडारण, घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग तथा अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेंगी. तथा ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत रसद विभाग को दें.
