बीकानेर पुलिस द्वारा रेंज आईजी ओमप्रकाश मेघवाल और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत लूणकरणसर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था और नशा तस्करों पर निगरानी हेतु गश्त पर थी. इसी दौरान पुराने वाटर बॉक्स के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 178.4 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई. पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान पुखराज (35 वर्ष) पुत्र हरिराम, जाति जाट, निवासी वार्ड नंबर 25, लूणकरणसर के रूप में हुई. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होनी थी. कार्रवाई में उप निरीक्षक धर्मवीर, हेड कांस्टेबल सुभाष कुमार, कांस्टेबल वीरेंद्र काले, कांस्टेबल विद्याधर व महावीर शामिल रहे. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें.
