उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लि0 (उरमूल), बीकानेर द्वारा दुग्ध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए दुग्ध खरीद दर में ₹2/- प्रति कि.ग्रा. की वृद्धि दिनांक 01 मई, 2026 से लागू कर दी गई है. इससे दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा. उरमूल संघ क्षेत्र के हजारों दुग्ध उत्पादक ग्रामीण परिवारों से प्रतिदिन दुग्ध संकलन करता है. वर्तमान परिस्थितियों में पशुपालन लागत, पशु आहार एवं अन्य आवश्यक खर्चों में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए संघ द्वारा दुग्ध उत्पादकों को राहत प्रदान करने हेतु यह महत्वपूर्ण कदम लिया गया.
संघ के प्रबंध संचालक बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि दुग्ध खरीद दर में वृद्धि से दुग्ध उत्पादकों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा. उरमूल डेयरी चेयरमेन नोपाराम जाखड़ ने बताया कि २ रूपये प्रति किलोग्राम दर बढ़ाने से ग्रामीण स्तर पर पशुपालन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा. इससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ दुग्ध सहकारी समितियों को भी मजबूती मिलेगी. उरमूल संघ सदैव दुग्ध उत्पादकों के हितों के संरक्षण एवं उनके आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा भविष्य में भी उत्पादकों के हित में आवश्यक कदम उठाता रहेगा.
