राजस्थान में पंचायतीराज एवं नगर निकाय संस्थानों के चुनाव को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई होनी है. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की खंडपीठ में यह सुनवाई होगी. इस दौरान राजस्थान सरकार आज हाईकोर्ट की ओर से चुनाव में आरक्षण और वार्ड निर्धारण पर मांगे गए जवाब के तहत अपनी रिपोर्ट पेश कर जवाब देगी. जिसमें ओबीसी आयोग की रिपोर्ट, आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने सहित तथ्य शामिल है. बता दें कि प्रदेश में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव नहीं कराए जाने के प्रकरण में राजस्थान हाईकोर्ट की सख्ती के बाद आज की सुनवाई काफी अहम मानी जा रही है. आज की सुनवाई पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव की दिशा तय कर सकती है. हाईकोर्ट द्वारा सभी पक्षों से चुनाव की स्पष्ट समय-सारिणी मांगे जाने के बाद आज राज्य सरकार, OBC आयोग और निर्वाचन आयोग जवाब देंगे. इससे पहले हाईकोर्ट ने 31 जुलाई तक चुनाव करवाने का आदेश दिया था जिसकी पालना नहीं होने के बाद कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए राजस्थान सरकार को कोर्ट की अवमानना करने सहित कार्रवाई की भी बात कही थी.

