चार लाइन न्यूज़ डेस्क (तीर्थराज बरसलपुर) – बीकानेर संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम में एक प्रसूता की मौत के बाद चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप सामने आए हैं. जनाना अस्पताल में भर्ती सरदारशहर निवासी अनुपमा मीणा की उपचार के दौरान मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि अनुपमा को एक्लेम्पसिया की समस्या के चलते जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वह डॉ. कमलेश यादव की यूनिट में भर्ती थी. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवाई.
परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जांच मेडिकल बोर्ड को सौंपी गई. हालांकि, आरोप है कि जांच के लिए संबंधित मेडिकल रिकॉर्ड बोर्ड को उपलब्ध नहीं कराया गया. इसी बीच मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल की पत्नी द्वारा रिकॉर्ड ले जाने के आरोप भी सामने आए हैं.
मामले में मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं. अब देखना होगा कि मेडिकल बोर्ड की जांच में प्रसूता की मौत के कारणों और उपचार के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसे लेकर क्या निष्कर्ष सामने आता है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगी.

