बीकानेर नगर निगम चुनाव में 42 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाली कांग्रेस में अब डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू हो गई है. वार्ड 50 से पहली बार पार्षद बने नवरत्न डागा ने पार्टी के अधिकृत महापौर प्रत्याशी अनिल कल्ला के सामने नामांकन दाखिल कर विरोध के संकेत दिए थे. इसके बाद अब उन्हें मनाने और पार्टी में समन्वय बनाने की जिम्मेदारी शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल को सौंपी गई है.
दरअसल, नवरत्न डागा को टिकट दिलाने में मदन मेघवाल की अहम भूमिका बताई जा रही है. मेघवाल ने अड़कर डागा को टिकट दिलाया था और प्रदेश कांग्रेस आलाकमान ने भी उनके पक्ष को महत्व दिया था. ऐसे में अब डागा को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में लाने की जिम्मेदारी मदन मेघवाल के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. कांग्रेस के सामने बहुमत हासिल करने के बाद महापौर चुनाव में एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है. अब देखना होगा कि मदन मेघवाल पार्टी के भीतर चल रही इस सियासी खींचतान को किस तरह संभालते हैं.
