बीकानेर शहर के उदासर क्षेत्र में बीती रात एक फर्नीचर फैक्ट्री में आगजनी लगने की घटना सामने आई. महेश फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग में लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो गया. आग इतनी तेज थी कि लपटें काफी दूर तक दिखाई दी. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. चार दमकलों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
जय नारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि महेश फर्नीचर फैक्ट्री में सोफे सहित अन्य फर्नीचर बनाने का काम होता था. आग के कारण फैक्ट्री में रखा फर्नीचर जल गया और काफी नुकसान हुआ है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शॉर्ट सर्किट कहां हुआ और आग ने इतनी तेजी से कैसे फैलाव लिया.
