जयपुर। NSUI की राष्ट्रीय सचिव ऋतु बराला के साथ कथित मारपीट का मामला राजस्थान में राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है. मामले में जीरो FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में रातभर धरने पर बैठे रहे. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि FIR दर्ज होने तक वे वहां से नहीं हटेंगे. सुबह भी धरना जारी रहा और कमिश्नरेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती रही.
राहुल गांधी के फोन के बाद तेज हुई हलचल
इस मामले में राजनीतिक हलचल उस समय तेज हुई, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से फोन पर बात की. बातचीत के दौरान ऋतु बराला और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे. वायरल वीडियो में राहुल गांधी FIR दर्ज कराने की बात कहते सुनाई देते हैं. इससे पहले 14 अक्टूबर को राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋतु बराला ने अपने साथ हुई कथित मारपीट का घटनाक्रम बताया था. उस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें ‘शेरनी’ कहकर संबोधित किया था.
13 अक्टूबर को दिल्ली में हुआ था विवाद
ऋतु बराला राजस्थान के झुंझुनूं की निवासी हैं और NSUI की राष्ट्रीय सचिव हैं. 13 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में NSUI के प्रदर्शन के दौरान ऋतु बराला और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद उन्हें और उनके साथियों को बस में बैठाया गया. बस के भीतर महिला पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच कथित मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए.
ऋतु बराला ने आरोप लगाया कि कनॉट प्लेस पुलिस थाने में भी उनके साथ मारपीट की गई, बाल खींचे गए, थप्पड़ मारे गए और अभद्र टिप्पणियां की गईं. उन्होंने शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के साथ निजी अंगों पर चोट पहुंचाने के आरोप भी लगाए हैं. इन आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों से होना बाकी है.
मोतीडूंगरी थाने से पुलिस कमिश्नरेट तक पहुंचा मामला
सोमवार को ऋतु बराला कांग्रेस नेताओं और कानूनी टीम के साथ जयपुर के मोतीडूंगरी थाने पहुंचीं और शिकायत दी. कांग्रेस नेताओं के अनुसार, वहां FIR दर्ज नहीं हुई और उन्हें पुलिस कमिश्नरेट जाने के लिए कहा गया.
इसके बाद सोमवार शाम करीब 6:15 बजे गोविंद सिंह डोटासरा पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा और अन्य नेताओं के साथ पुलिस कमिश्नरेट पहुंचे. पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल से मुलाकात नहीं हो सकी, हालांकि डोटासरा ने फोन पर उनसे बात कर जीरो FIR दर्ज करने की मांग रखी.
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि FIR दर्ज होने तक वे कमिश्नरेट से नहीं जाएंगे. रात होने पर परिसर में ही गद्दे बिछाए गए और नेता वहीं रुके रहे. सुबह चाय-नाश्ता भी धरनास्थल पर ही किया गया. डोटासरा ने कहा कि वे राजस्थान की बेटी को न्याय दिलाने के लिए वहां बैठे हैं और पुलिस FIR दर्ज करने में टालमटोल कर रही है.
टीकाराम जूली भी धरने में शामिल, यातायात प्रभावित
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी पुलिस कमिश्नरेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया. इस दौरान ‘FIR दर्ज करो’ और ‘राजस्थान की बेटी को न्याय दो’ जैसे नारे लगाए गए. बैरिकेडिंग के पास कार्यकर्ताओं को हटाने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प होने की भी जानकारी सामने आई. गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे और एमआई रोड की ओर यातायात प्रभावित हुआ.
फिलहाल विवाद का केंद्र ऋतु बराला की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज करने की मांग है. कांग्रेस नेता कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात कह रहे हैं. दिल्ली में हुए घटनाक्रम से शुरू हुआ यह मामला अब जयपुर में पुलिस और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है.
#RajasthanNews#nsuirajasthan#NSUIProtest#ritubarala#Congress#CongressProtest#RajasthanPolice#JaipurPolice
