बीकानेर जिला परिषद सदस्य चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने महिला प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी है. भाजपा ने कुल 41 सीटों में से 25 पर महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने 21 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है.
महिला उम्मीदवारों की संख्या अधिक रहने के पीछे जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होना भी एक प्रमुख वजह माना जा रहा है. दोनों ही प्रमुख दल जिला प्रमुख की कुर्सी को ध्यान में रखते हुए चुनावी समीकरण साधने में जुटे हैं. वहीं आरएलपी सहित कई पार्टी के प्रत्याशी-निर्दलीय भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं. इस बार चुनाव मैदान में कई दिग्गज नेताओं के परिवारों से जुड़ी महिला प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं. ऐसे में जिला परिषद चुनाव के साथ-साथ जिला प्रमुख पद को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपनी चुनावी रणनीति तैयार करने, प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाने और संगठन को सक्रिय करने में जुटे हैं. चुनाव परिणाम के बाद जिला प्रमुख पद के लिए राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.
