बीकानेर नगर निगम में करीब दो साल बाद आखिरकार नया महापौर मिलने जा रहा है. निकाय चुनाव के बाद अब कल सोमवार 21 सितंबर को महापौर के लिए मतदान के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी और इसी के साथ पिछले एक सप्ताह से कौन होगा महापौर को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग जाएगा. यहां कांग्रेस 42 सीटों पर जीत के साथ बहुमत लिये मजबूती से डटी है तो वहीं भाजपा 27 खुद के और 8 निर्दलियों के साथ टक्कर देकर बोर्ड बनाने का दावा कर रही है. कल होने वाले महापौर के मतदान को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है.
इधर, दोनों दलों के दिग्गज और रणनीतिकार अपना-अपना बोर्ड बनाने के अंतिम प्रयास के लिए जुटे हुए हैं. मतगणना के पहले से जारी बांडेबंदी में दोनों पार्टियों के पार्षदों व समर्थन कर रहे निर्दलीयों को वोटिंग प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है. कल सुबह 10 बजे से महापौर पद के लिए होने वाले मतदान के लिए सभी पार्षदों को नगर निगम लाया जाएगा. यह मतदान प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चलेगी और इसके बाद वोटों की गिनती कर परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा. इसी के साथ करीब दो सालों बाद बीकानेर को नया महापौर मिल जाएगा.
वहीं अगले दिन 22 सितंबर को उप महापौर पद का चुनाव होगा. जिसमें 10 बजे बैठक होगी और 11 बजे नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे.11:30 नामांकन पत्रों की जांच होगी. दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा. इसके बाद यदि आवश्यकता हुई तो दोपहर 2:30 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा और उसके बाद परिणाम जारी कर उप महापौर के नाम की घोषणा की जाएगी.
