बीकानेर जिले में महिलाओं और युवतियों के लापता होने के चार नए मामले सामने आए हैं. बज्जू के फूलासर बड़ा, खाजूवाला, मुक्ता प्रसाद नगर और नापासर थाना क्षेत्रों में परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बज्जू क्षेत्र में आधी रात के बाद घर से निकली युवती
बज्जू थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला ने अपनी बेटी के घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है. रिपोर्ट के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात युवती परिवार के साथ घर पर सो रही थी. रात 12 बजे के बाद वह घर से निकल गई. परिजनों के मुताबिक, युवती पैदल चलते हुए घर से करीब 300 मीटर दूर ग्रेवल सड़क तक पहुंची. रिपोर्ट में सड़क पर वाहन के चढ़ने के निशान मिलने का भी उल्लेख किया गया है. पुलिस ने 14 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज की। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अमित कुमार कर रहे हैं.
खाजूवाला में युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
खाजूवाला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है. परिवादी ने मुनीराम पुत्र हरिराम, निवासी 33 केजेडी, खाजूवाला को नामजद किया है. पुलिस ने 14 अक्टूबर को मामला दर्ज किया. जांच हेड कांस्टेबल हेमराज को सौंपी गई है.
मुक्ता प्रसाद नगर में नाबालिग लापता
मुक्ता प्रसाद नगर थाना क्षेत्र के बंगला नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दी है. परिवादी के अनुसार, उसकी बेटी 13 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे किसी के साथ घर से चली गई. पुलिस ने 14 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कर जांच एएसआई टीकूराम को सौंपी है.
नापासर में युवती का मोबाइल बंद
नापासर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है. रिपोर्ट के अनुसार, युवती 13 अक्टूबर को बिना बताए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों के मुताबिक, उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. पुलिस ने 14 अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
चारों मामलों में बीकानेर पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच कर रही है.
