बीकानेर जिले में पंचायतराज आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ. खाजूवाला, छत्तरगढ़, पूगल और रुणिया पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शाम 6 बजे तक कुल 71.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
प्रथम चरण में 112 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 319 मतदान केंद्रों पर वोटिंग की व्यवस्था की गई थी. जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 2,67,602 मतदाताओं में से 1,90,470 मतदाताओं ने मतदान किया.
रुणिया में सबसे ज्यादा मतदान
निर्वाचन विभाग के अनुसार, चारों पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा :
रुणिया: 74.50% — 59,142 मतदाताओं ने डाले वोट.
पूगल: 72.05% — 40,075 मतदाताओं ने किया मतदान.
खाजूवाला: 70.94% — 45,563 मतदाताओं ने डाले वोट.
छत्तरगढ़: 66.83% — 45,690 मतदाताओं ने किया मतदान.
मतदान प्रतिशत के लिहाज से रुणिया पंचायत समिति क्षेत्र सबसे आगे रहा, जबकि छत्तरगढ़ में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया.
24 अक्टूबर को सरपंच-पंच के लिए मतदान
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद अब 24 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान होगा. पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं. प्रत्याशियों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो गई है और सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं.
