बीकानेर शहर के चुंगी चौक पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा सामने आया जिसमें डंपर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. यह भयानक हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ जिसमें डंपर मोटरसाइकिल सवार को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.

मिली जानकारी के अनुसार इंद्रा कॉलोनी निवासी अब्दुल रहमान मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार को डंपर चपेट में लेते हुए करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. भीषण हादसे में 50 वर्षीय अब्दुल रहमान के सिर पर गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया. इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से वार्ता की और समझाइश का प्रयास किया. दुर्घटना के बाद चुंगी चौक और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही. पुलिस की ओर से हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

