बीकानेर कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अपने निवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली. इस दौरान पूर्व मंत्री मेघवाल ने इसे छात्र और युवा शक्ति की ऐतिहासिक जीत बताया. साथ ही उन्होंने केन्द्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है. भाजपा के अन्य दागी नेताओं को भी इस्तीफा देना चाहिए. केन्द्र सरकार की भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से जनता का भरोसा टूटा है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी नेताओं के संघर्ष की सराहना की. पूर्व मंत्री मेघवाल ने कहा कि किसानों, युवाओं और छात्रों के हक के लिए सड़क से संसद तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी. साथ ही उन्होंने जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने का भी ऐलान किया.

