बीकानेर जिले के खाजूवाला पुलिस थाना से बुलेट मोटरसाइकिल गायब होने के मामले में थाने के ही कांस्टेबल रामकुमार पर गाज गिरी है. एसपी मृदुल कच्छावा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांस्टेबल रामकुमार को निलंबित कर दिया है. साथ ही मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं और खाजूवाला सीओ को जांच सौंपी गई है. मामले में कांस्टेबल को निलंबित करने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. हाल ही में खाजूवाला थाना अन्य सरकारी संपति गायब होने को लेकर भी चर्चा में चल रहा है. अब मामले में जांच का दायरा बढ़ाते हुए गहनता से पड़ताल हो सकती है. खाजूवाला थाना परिसर में बंद सीसीटीवी की इस मामले में भूमिका सहित कई एंगल से जांच से कई खुलासे होने की संभावना है और कई जिम्मेदारों पर भी गाज गिरने की सुगबुगाहट हो रही है. फिलहाल पूरे मामले की जांच का सभी को इंतजार है.

