बीकानेर जिले के नोखा उपखंड क्षेत्र में पांचू, किशनासर, ढिंगसरी, जांगलू सहित आसपास के क्षेत्रों के किसानों की मांगों को लेकर चल रहा सात दिवसीय धरना मध्यरात्रि हुई सफल वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया. किसानों ने अपनी मांगों को लेकर बीकानेर कूच का ऐलान किया था, जिसे वार्ता के बाद बीच रास्ते में ही स्थगित कर दिया गया.
सरकार की ओर से वार्ता में नोखा तहसीलदार सुनीता चारण, भाजपा देहात बीकानेर के जिला महामंत्री कैलाश सियाग एवं पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ शामिल रहे. वहीं किसानों के प्रतिनिधिमंडल में किसान नेता हरिराम कस्वा, परमेश्वर चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि बनवारी लाल सियाग सहित क्षेत्र के किसान नेता एवं सैकड़ों किसान मौजूद रहे.
किसानों की प्रमुख समस्या कृषि कार्य के लिए मिलने वाली विद्युत आपूर्ति को लेकर थी. किसानों का कहना था कि खेती के लिए निर्धारित बिजली आपूर्ति के दौरान कम वोल्टेज, डिम लाइट तथा कम समय तक बिजली मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
किसानों की समस्या को लेकर प्रशासन एवं किसानों के प्रतिनिधिमंडल के बीच देर रात तक वार्ता का दौर चला. वार्ता में किसानों की समस्याओं को विस्तार से सुना गया तथा विद्युत आपूर्ति में आ रही परेशानियों के समाधान को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई. लगातार चली वार्ता के बाद मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे किसानों और प्रशासन के बीच सहमति बनी. प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वस्त किया गया कि कृषि कार्य के लिए मिल रही बिजली में कम वोल्टेज, डिम लाइट एवं कम समय तक विद्युत आपूर्ति की समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाया जाएगा.
वार्ता सफल होने के बाद किसानों ने अपना सात दिवसीय धरना स्थगित करने तथा प्रस्तावित बीकानेर कूच को भी बीच रास्ते में ही स्थगित करने का निर्णय लिया. किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार विद्युत आपूर्ति में जल्द सुधार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी और कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा.

