बिहार की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला. NDA विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नया नेता चुन लिया गया है. उनके चयन के साथ ही यह लगभग तय हो गया है कि वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. सूत्रों के अनुसार, विधायक दल की बैठक में कई नामों पर चर्चा के बाद सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति बनी. पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्य की कमान सौंपने का फैसला लिया, जिसे सभी विधायकों का पूरा समर्थन मिला. इसके बाद माहौल तालियों से गूंज उठा और सम्राट चौधरी को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया.
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि सम्राट चौधरी का नेतृत्व राज्य में एक नई राजनीतिक दिशा देगा. पिछले कुछ समय से वे लगातार बिहार में संगठन विस्तार और विपक्ष पर मुखर रणनीति के लिए सुर्खियों में रहे हैं. अगले चरण में वे राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा प्रस्तुत करेंगे. उम्मीद है कि जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह की तिथि भी तय की जाएगी. बिहार की राजनीति वर्तमान समय में जिस मोड़ पर खड़ी है, वहां सम्राट चौधरी की ताजपोशी को बीजेपी के लिए एक बड़े राजनीतिक दांव के रूप में देखा जा रहा है. अब सभी की निगाहें नए नेतृत्व की नीतियों और शुरुआती फैसलों पर टिकी रहेंगी.
