बीकानेर जिले के नाल पुलिस थाना परिसर में शनिवार को सीएलजी की बैठक थाना प्रभारी सीआई विकास बिश्नोई की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र की शांति, कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सीआई विकास बिश्नोई ने सीएलजी सदस्यों से क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, नशे, सट्टे और अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है.
सीआई ने आगामी 15 अगस्त के मद्देनजर बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छवा द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ ‘ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई व साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया. बैठक में मौजूद सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सीआई के सामने रखा. जिसमें स्ट्रीट लाइट, अवैध शराब बिक्री और रात्रि गश्त बढ़ाने जैसी मांगें शामिल थीं. सीआई बिश्नोई ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया. सीआई बिश्नोई ने कहा कि पुलिस हमेशा आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर है. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना 100 नंबर या थाने पर तुरंत दें. बैठक में बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य, गणमान्य नागरिक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
