बीकानेर शहर की सरकार के मुखिया यानी महापौर के चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है. महापौर पद के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. प्रत्याशियों के पास 16 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल करने का मौका रहेगा. आज नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन दोपहर 2 बजे तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया. हालांकि राजनीतिक दलों में महापौर पद को लेकर सियासी हलचल तेज है. प्रशासन की ओर से चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. महापौर चुनाव का शेड्यूल जारी किया गया है जिसके तहत 15-16 सितंबर दो दिन नामांकन दाखिल किये जा सकेंगे और 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी. अगले दिन 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिये जा सकेंगे. इसके बाद 19 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटन करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 21 सितंबर को पार्षद नए महापौर का चुनाव करेंगे. अब सबकी नजरें 21 सितंबर पर टिकी हैं, जब नगर निगम के निर्वाचित पार्षद मतदान के जरिए बीकानेर को नया महापौर देंगे.
