बीकानेर नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशी का नाम स्पष्ट कर दिया है. भाजपा ने वार्ड 13 से निर्वाचित पार्षद डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत को महापौर पद का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है. उन्हें पार्टी का अधिकृत सिंबल भी सौंप दिया गया है और वे बीकानेर के लिए रवाना हो चुके हैं. शेखावत आज महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे. महापौर चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 16 सितंबर है. 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे.
बीकानेर नगर निगम के चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 42 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा के खाते में 27 सीटें आईं और 10 निर्दलीय पार्षद भी चुने गए. ऐसे में महापौर चुनाव में पार्षदों के समर्थन का गणित महत्वपूर्ण रहेगा. शेखावत की ओर से निर्दलीय पार्षदों के साथ-साथ पार्टी से बाहर के समर्थन को लेकर भरोसा जताया जा रहा है. हालांकि अंतिम तस्वीर 21 सितंबर को होने वाले महापौर चुनाव में मतदान के बाद ही साफ होगी.
