बीकानेर नगर निगम उप-महापौर चुनाव को लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है. कांग्रेस में सहमति बनने के बाद बागी होकर नामांकन दाखिल करने वाले पार्षदों ने नामांकन वापस लेने का फैसला किया है. बताया जा रहा है कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस के बागी पार्षदों ने अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में नामांकन वापस लिया. वहीं भाजपा की ओर से पंकज गहलोत उप-महापौर पद के प्रत्याशी हैं. अब नगर निगम उप-महापौर पद के लिए कांग्रेस की नसीम बानो और भाजपा के पंकज गहलोत के बीच सीधा मुकाबला होगा.
उप-महापौर पद के लिए कांग्रेस ने वार्ड नंबर 66 से निर्वाचित पार्षद नसीम बानो को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है. कांग्रेस ने इस बार महिला और अल्पसंख्यक पार्षद को उप-महापौर पद के लिए मौका दिया है. नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस और निर्दलीय खेमे से अब्दुल वाहिद, छैल सिंह, जावेद खान, मनोज बिश्नोई और सपना मारू ने भी नामांकन दाखिल किया था. अब इन प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद चुनावी मुकाबला सीधा हो गया है.
