बीकानेर संभाग के चूरू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. तारानगर तहसील के चंगोई मिखाला गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद को लेकर हुए विवाद में एक पिता पर अपने ही बेटे और बहू की बोलेरो गाड़ी से कुचलकर हत्या करने का आरोप है. घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय रामचंद्र जाट गांव में सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन उसका 40 वर्षीय इकलौता बेटा रविंद्र और 35 वर्षीय बहू महिंद्रा उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे. इसी बात को लेकर परिवार में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि देर रात घर पर पिता और बेटे के बीच फिर झगड़ा हुआ. इसके बाद रविंद्र अपनी पत्नी महिंद्रा के साथ धर्मकांटे पर चले गए. आरोप है कि रामचंद्र भी उनके पीछे वहां पहुंच गया, जहां एक बार फिर विवाद हुआ. इसके बाद रविंद्र अपनी पत्नी के साथ घर के लिए रवाना हुआ.
इसी दौरान रास्ते में पीछे से बोलेरो लेकर आए रामचंद्र ने कथित तौर पर दोनों को गाड़ी से कुचल दिया. गंभीर चोटों के कारण रविंद्र और महिंद्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी रामचंद्र जाट को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम और वारदात के पीछे की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है. मृतक दंपती की 11 वर्षीय बेटी है. इस घटना से परिवार में मातम पसरा है. रिश्तों के कत्ल के दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है.
