जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे से एक ऐसे अधिकारी की विदाई हो रही है, जिन्होंने अपनी कार्यशैली और सामाजिक जुड़ाव से हजारों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. उत्तर पश्चिम रेलवे में चीफ रोलिंग स्टॉक इंजीनियर और पूर्व मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) रहे कैप्टन शशिकिरण की सेवाएं अब ईस्ट कोस्ट रेलवे में शुरू होंगी. उनकी पत्नी और रेलवे की वित्त सलाहकार निष्ठा पुरी भी अब ईस्ट कोस्ट रेलवे में अपनी सेवाएं देंगी.
जयपुर में इन दिनों विदाई समारोहों का सिलसिला जारी है. कैप्टन शशिकिरण और निष्ठा पुरी से जुड़ाव रखने वाले लोग इस दंपत्ति की विदाई पर भावुक नजर आ रहे हैं. रेलवे के कामकाज के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें लोगों के बीच अलग पहचान दिलाई.
खेलकूद, मैराथन, साइक्लिंग और मंचीय नाटकों जैसी गतिविधियों के जरिए कैप्टन शशिकिरण का अनेक संस्थाओं और लोगों से जुड़ाव रहा. यही वजह है कि उनकी विदाई केवल विभागीय बदलाव नहीं, बल्कि उनसे जुड़े लोगों के लिए भावनात्मक पल भी बन गई है.
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (ZRUCC) के सदस्य भीम शर्मा ने कहा कि ऐसे अधिकारियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनके अनुसार, कैप्टन शशिकिरण और निष्ठा पुरी ने अपने व्यवहार और सामाजिक जुड़ाव से लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया है. अब यह दंपत्ति ईस्ट कोस्ट रेलवे में नई जिम्मेदारियां संभालेगी, लेकिन जयपुर में उनके कार्यकाल और लोगों के साथ बने रिश्तों की यादें लंबे समय तक बनी रहेंगी.
