बीकानेर जिले के कोलायत उपखंड के गुडा में स्थित वी.एस. लिग्नाइट पावर प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट हेड एवं निदेशक एन.वी. श्रीनिवास तथा इंडस्ट्रियल रिलेशन ऑफिसर विजय गोस्वामी ने गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बीकानेर का दौरा कर तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक आवश्यकताओं के बीच समन्वय पर मंथन किया. दौरे के दौरान श्रीनिवास ने संस्थान की विभिन्न कार्यशालाओं का अवलोकन कर प्रशिक्षार्थियों द्वारा किए जा रहे तकनीकी कार्यों की सराहना की. उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल सफलता की असली कुंजी है.
इस दौरान उद्योग-अकादमिक जुड़ाव को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार संभावनाओं तथा आधुनिक मशीनों के संचालन को लेकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. श्रीनिवास ने कहा कि कोलायत स्थित वी.एस. लिग्नाइट पावर प्लांट केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है.
बैठक में भविष्य में इंटर्नशिप प्रोग्राम और इंडस्ट्रियल विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. श्रीनिवास ने कहा, “तकनीकी शिक्षा देश की प्रगति का आधार है। जब युवा नवीनतम तकनीक से लैस होंगे, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा.”इस अवसर पर आईटीआई बीकानेर के प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार भाटी, वरिष्ठ अनुदेशक दिनकर, अनवर अली, कनिष्ठ अनुदेशक श्रुति संदल, लोकेश पारीक, साहिल कुमार, कमलेश सहित संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा.
