बीकानेर पुलिस की ओऱ से एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में नोखा क्षेत्र में ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नशे पर लगाम के लिए बड़ी कार्रवाई की गई. जिसमें जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने नोखा में सक्रिय एमडी तस्कर को एमडी सहित धर दबोचा है. कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी सलुंडिया निवासी 19 वर्षीय श्यामसुंदर जाखड़ पुत्र लाभूराम को गिरफ्तार किया है. कार्रवाी में आरोपी के पास से 17.19 ग्राम एमडी पकड़ी गई है.
पुलिस के अनुसार, डीएसटी के कांस्टेबल गणेश को तस्कर के संबंध में इनपुट मिला जिसके बाद डीएसपी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में आरोपी का पीछा किया गया. पुख्ता होने पर नोखा पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद गश्त कर रही नोखा पुलिस ने एन एच 62, रायसर स्थित होटल महादेव के पास आरोपी को धर दबोचा. जहां तलाशी में उसके पास 17.19 ग्राम एमडी, दो मोबाइल व 11900 रूपए मिले. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है. मामले की जांच पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ को सौंपी गई है.
