बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर बीकानेर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. भाजपा में पार्षद प्रत्याशियों के दावेदारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. इसी बीच बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि पार्टी की कोशिश रहेगी कि ऐसे कार्यकर्ता को टिकट मिले, जो आमजन के बीच लोकप्रिय हो और उनकी समस्याओं को लेकर हमेशा तत्पर रहता हो. विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि भाजपा की ओर से प्रत्याशी चयन में जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहा है, आमजन की समस्याओं को समझता है और जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्र के विकास के लिए काम करने की क्षमता रखता है, उसे मौका देने का प्रयास रहेगा.
नगर निगम चुनाव में कई दावेदारों के सामने आने को लेकर सिद्धि कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र में दावेदारी करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का टिकट के लिए आगे आना अच्छी बात है. इससे यह भी पता चलता है कि लोगों का भाजपा की रीति-नीति और विचारधारा पर भरोसा है. उन्होंने कहा कि टिकट के लिए दावेदारी करने वाले सभी कार्यकर्ता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं. टिकट आखिरकार किसी एक प्रत्याशी को ही मिलेगी, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद भी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर भाजपा के लिए काम करना होगा.
सिद्धि कुमारी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा का मुख्य लक्ष्य विकास के नाम पर बीकानेर में भाजपा का बोर्ड बनाना है. उन्होंने कहा कि शहर के विकास को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत और जनसमर्थित नेतृत्व जरूरी है. पार्टी ऐसे प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की दिशा में प्रयास करेगी, जो जनता के बीच अपनी मजबूत पकड़ रखते हों और क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हों. विधायक ने कहा कि चुनाव में टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है, लेकिन टिकट नहीं मिलने वाले कार्यकर्ताओं की भी उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव में भाजपा को मजबूत करने का काम करेंगे.
नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा में दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही अब वार्ड स्तर पर राजनीतिक समीकरण भी तेजी से बनते नजर आ रहे हैं. अलग-अलग वार्डों से दावेदार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में प्रत्याशी चयन को लेकर आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है. विधायक सिद्धि कुमारी के बयान के बाद साफ है कि भाजपा इस बार ऐसे चेहरों पर दांव लगाने की तैयारी में है, जिनकी जमीनी स्तर पर सक्रियता, आमजन के बीच पकड़ और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका हो. अब सभी की नजरें पार्टी की ओर से होने वाले अंतिम प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं.

